khabar abhi tak

रेलवे में गुड्स ट्रेन मैनेजर की सीधी भर्ती का कोटा 25 से बढ़ाकर 60% करने की तैयारी, कमी से मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में गुड्स ट्रेन मैनेजर (पूर्व में गार्ड) के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। रेलवे के यातायात परिवहन निदेशालय ने सीधी भर्ती का कोटा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया है। इससे रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के माध्यम से योग्य स्नातकों की नियुक्ति का रास्ता आसान होगा। वहीं, विभागीय पदोन्नति के लिए फीडर कैडर के कर्मचारियों पर निर्भरता भी कम होगी।

प्रस्तावित बदलाव से रेलवे को योग्य कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने, भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रशिक्षण के बाद कर्मचारियों की तैनाती करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे गुड्स ट्रेन मैनेजर के खाली पद भरने के साथ मालगाड़ियों के परिचालन को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाने में भी सहूलियत होगी।

पदोन्नति में आ रही अड़चनें बनी बदलाव की वजह

वर्तमान व्यवस्था में गुड्स ट्रेन मैनेजर के पदों को भरने के लिए विभागीय चयन प्रक्रिया में कई तरह की बाधाएं सामने आ रही हैं। फीडर कैडर के कर्मचारियों, विशेषकर प्वाइंट्समैन ए और प्वाइंट्समैन बी को विभाग से कार्यमुक्त नहीं किए जाने के कारण पदोन्नति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा, प्रवेश स्तर के प्वाइंट्समैन (लेवल-1) पदों पर रेलवे भर्ती बोर्ड और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के पैनल में देरी या पैनल उपलब्ध नहीं होने से भी योग्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। कई कर्मचारी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा और चिकित्सा मानकों को पूरा नहीं कर पाते। इसके चलते गुड्स ट्रेन मैनेजर के पदों पर पदोन्नति के लिए पात्र कर्मचारियों की संख्या सीमित रह जाती है।

एआईआरएफ और एनएफआईआर से मांगे सुझाव

रेलवे परिचालन में गुड्स ट्रेन मैनेजर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मालगाड़ियों के सुरक्षित संचालन और परिचालन प्रबंधन की जिम्मेदारी इसी श्रेणी के कर्मचारियों से जुड़ी है। ऐसे में पदों की कमी का असर सीधे माल ढुलाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।

इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन सीधी भर्ती का कोटा 25 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने और सामान्य चयन प्रक्रिया के कोटे को 60 से घटाकर 25 प्रतिशत करने पर विचार कर रहा है। इस प्रस्ताव पर ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआईआर) दोनों से सुझाव मांगे गए हैं।

बिना गार्ड चल रहीं मालगाड़ियां, लोको पायलट लगा रहे टेल लैंप

गार्डों की कमी का असर अब मालगाड़ियों के संचालन में भी दिखाई देने लगा है। कई जगह मालगाड़ियां बिना गार्ड के चलाई जा रही हैं। ऐसी स्थिति में लोको पायलट को इंजन संचालन के साथ ट्रेन के अंतिम हिस्से में टेल लैंप लगाने की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है।

टेल लैंप मालगाड़ी के अंतिम डिब्बे की पहचान कराने वाला महत्वपूर्ण संकेतक है। इसे लगाने और इसकी स्थिति पर निगरानी रखने का काम भी अब लोको पायलटों को करना पड़ रहा है। इससे रनिंग स्टाफ में नाराजगी है। कर्मचारियों का सवाल है कि वे ट्रेन के सुरक्षित संचालन पर ध्यान दें या इंजन से पीछे जाकर टेल लैंप लगाने और उसकी निगरानी में समय बिताएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak