khabar abhi tak

मेडिकल और विक्टोरिया की पाइप लाइनें नाली में, सब बेसुध



जबलपुर। शहर की पेयजल व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद अब नागरिक संगठन सक्रिय हो गए हैं। मेडिकल क्षेत्र और विक्टोरिया अस्पताल परिसर की पेयजल पाइप लाइनें गंदी नालियों के भीतर से होकर गुजर रही हैं। इस गंभीर समस्या के सामने आने के बाद तत्काल शिकायतें दर्ज कराई गईं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन लंबे समय बाद भी इन शिकायतों का कोई निराकरण नहीं किया गया। प्रशासनिक उदासीनता से नाराज जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर निगम आयुक्त से संपर्क करने का प्रयास भी किया, परंतु उनसे संवाद स्थापित नहीं हो सका। अब शहर की जल आपूर्ति प्रणाली को सुधारने के लिए प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की तर्ज पर यहां भी एक अलग अधिकारी पदस्थ करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

​गंदगी के बीच से अस्पतालों तक पहुंच रहा पानी

​स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले मेडिकल क्षेत्र के पास पीने के पानी की पाइप लाइन नाली के अंदर बिछी हुई है। यह गंभीर मामला बीते 6 नवंबर को सामने आया था। इसके कुछ दिनों बाद 25 नवंबर को विक्टोरिया अस्पताल की पेयजल पाइप लाइनों के भी नालियों से गुजरने की बात उजागर हुई। नालियों में डूबी इन लाइनों के कारण दूषित जल की आपूर्ति होने और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। आम जनता और मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर संबंधित विभाग को अवगत कराया गया था, मगर मैदानी स्तर पर पाइप लाइनों को नालियों से बाहर निकालने या बदलने का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

​अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर हो नियुक्ति

​जनसंगठनों के सदस्यों ने अपनी बात रखने के लिए नगर निगम आयुक्त से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश के इंदौर, भोपाल और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में पेयजल व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अतिरिक्त आयुक्त की नियुक्ति की गई है। इन शहरों में विशेष अधिकारी की देखरेख में जल आपूर्ति को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी व्यवस्था को लागू करते हुए जबलपुर नगर निगम में भी एक अतिरिक्त आयुक्त की नियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। इस मांग को लेकर सक्रिय हुए जनसंगठनों के प्रतिनिधियों में डॉ. पी. जी. नाजपांडे, एड. वेदप्रकाश अधौलिया, टी. के. रायघटक, सुभाष चंद्रा, सुशीला कनौजिया, गीता पांडे, मनीष शर्मा, डी. आर. लखेरा, पी. एस. राजपूत, अशोक यादव, यशवंत कोष्टा, संतोष श्रीवास्तव, श्याम सोलंकी और प्रफुल्ल सक्सेना आदि शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak