khabar abhi tak

जबलपुर- सूर्या हाफ मैराथन से पहले धावकों ने किया ट्रायल रन, 22 नवंबर को दौड़ेंगे 10 हजार से अधिक प्रतिभागी

जबलपुर. सूर्या हाफ मैराथन की तैयारियों के तहत रविवार सुबह धावकों ने ट्रायल रन में हिस्सा लिया। भारतीय सेना और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस मैराथन के लिए सुबह 6 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम (राइट टाउन) से दौड़ शुरू हुई।

ट्रायल रन का उद्देश्य मैराथन से पहले आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं को परखना और शहरवासियों को खेल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अनुशासन के प्रति जागरूक करना था। आगामी 22 नवंबर को होने वाली मुख्य मैराथन में 10 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा

मैराथन की तैयारियों को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सेना के कर्नल सीएस मैनी, यातायात विभाग के डीएसपी शुक्ला और नगर निगम के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में धावकों की सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर चर्चा कर आवश्यक रणनीति तैयार की गई।

इन मार्गों से गुजरेगी मैराथन

सूर्या हाफ मैराथन पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से शुरू होकर अशोका होटल चौक, तीनपत्ती चौक, महाराणा प्रताप चौक, नौदरा ब्रिज, रसल चौक, जबलपुर हॉस्पिटल, ब्लूम चौक, नवभारत प्रेस, पंकज होटल और गौमाता चौक से होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचेगी। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak