जांच में सामने आया कि हरिहर ट्रेडर्स के नाम पर 140 किसानों से 1 लाख 22 हजार 584.50 क्विंटल धान की खरीदी कागजों पर दर्ज की गई, जिसके एवज में 26 करोड़ 24 लाख 23 हजार 68 रुपये 60 पैसे का भुगतान दिखाया गया। हैरानी की बात यह है कि धरातल पर न तो संबंधित किसानों ने कोई धान बेचा और न ही उनके खातों में एक भी रुपया पहुंचा। आरोपियों ने मासूम किसानों के नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी प्रविष्टियां कीं और सरकारी खजाने को करोड़ों की चपत लगाई।
सरकारी धान की हेराफेरी कर खपाया घटिया चावल
घोटाले की आंच हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खन्नूजा तक भी पहुंची है। उन पर आरोप है कि कस्टम मिलिंग के लिए मिले सरकारी धान की मिलिंग करने के बजाय उसकी खुलेआम हेराफेरी की गई। शासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए मिल संचालक ने खुले बाजार से बेहद घटिया गुणवत्ता का चावल खरीदा और उसे निगवानी गोदाम में जमा करा दिया। जांच दल ने जब चावल की गुणवत्ता परखी, तो वह तय मानकों पर पूरी तरह फेल निकला।
जबलपुर ईओडब्ल्यू की दबिश के बाद कसा शिकंजा-
इस पूरे सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए बीते दिन जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम ने भी गोरखपुर कृषि उपज मंडी में छापा मारकर घोटाले से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रशासनिक जांच दल ने इस मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है।