जबलपुर। बिजली चोरी करने और लंबे समय से बकाया बिल जमा न करने वालों के खिलाफ जबलपुर में विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन ने शनिवार शाम 6 बजे से बड़ा संयुक्त अभियान शुरू किया है,जो अब तक जारी है। शहर संभाग पूर्व के द्वारका नगर फीडर क्रमांक -2, एचएसपी-5 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्वारीघाट थाना अंतर्गत ललपुर इलाके से गिरफ्तारी की गई है। अधीक्षण यंत्री सिटी संजय अरोरा के नेतृत्व में देर रात तक चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पूरे शहर से कुल 20 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों की तामीली के लिए कोतवाली, लॉर्डगंज, मदनमहल, ओमती, बेलबाग, सिविल लाइन्स, गोहलपुर, हनुमानताल, अधारताल, गोरखपुर, गढ़ा, कैंट, रांझी, घमापुर, खमरिया और माढ़ोताल सहित अन्य थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई से बकायादारों और बिजली चोरों में हड़कंप मच गया है।
वारंट की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा
श्री अरोरा के मुताबिक, विद्युत विभाग ने पूर्व में ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित किया था जो अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। इसके अलावा वे उपभोक्ता भी इस सूची में शामिल किए गए हैं जिन्होंने कई बार समझाइश देने और पर्याप्त समय मिलने के बावजूद अपने लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया। विभाग द्वारा इन सभी के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण तैयार कर अदालत में पेश किए गए थे। न्यायालय से समन और वारंट जारी होने के बाद भी संबंधित लोग न तो सुनवाई में उपस्थित हुए और न ही बकाया राशि जमा की। इसी अवहेलना पर अदालत ने स्थायी वारंट जारी किए थे।
प्रमुख थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीमों की दबिश
अदालती आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस बल और बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी एक साथ मैदान में उतरे हैं। शहर के 17 से अधिक प्रमुख थाना इलाकों में अलग-अलग टीमें बनाकर फरार वारंटियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य अवैध बिजली उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाना और रुके हुए राजस्व की वसूली करना है। प्रशासनिक स्तर पर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कानूनी प्रक्रिया के प्रति उपभोक्ताओं की जवाबदेही तय हो सके।
अवैध कनेक्शन और बकाया वसूली पर सख्ती
विद्युत विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह वैधानिक मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी। जिन उपभोक्ताओं ने बार-बार अवसर दिए जाने पर भी बकाया नहीं चुकाया है, उन्हें अब सीधे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और विभाग के इस सख्त कदम से शहर में बिजली चोरी करने वाले तत्वों में भारी खौफ देखा जा रहा है।
