जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम सात माह में राजस्व अर्जन के मामले में पिछले वर्ष की तुलना में 11.15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान रेलवे ने कुल ₹5,511 करोड़ 78 लाख का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित किया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा ₹4,958 करोड़ 70 लाख था। इस तरह रेलवे की आय में ₹553 करोड़ 8 लाख की बढ़ोतरी हुई है।
महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और राजस्व वृद्धि की नियमित निगरानी के साथ वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया गया है।
यात्री और माल परिवहन से ₹5,212 करोड़ की आय
प्रथम सात माह में यात्री यातायात से ₹1,630 करोड़ 1 लाख और माल यातायात से ₹3,582 करोड़ 19 लाख की आय हुई। इसके अलावा अन्य कोचिंग मद से ₹114 करोड़ 69 लाख तथा विविध आय (संड्री रेवेन्यू) से ₹184 करोड़ 89 लाख प्राप्त हुए।
जबलपुर मंडल का सबसे अधिक योगदान
राजस्व अर्जन में पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। इनमें जबलपुर मंडल ₹3,325 करोड़ 80 लाख के राजस्व के साथ पहले स्थान पर रहा। भोपाल मंडल ने ₹1,282 करोड़ 21 लाख और कोटा मंडल ने ₹903 करोड़ 77 लाख का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित किया।
राजस्व बढ़ाने के लिए यात्री सुविधाओं और माल परिवहन पर जोर
पश्चिम मध्य रेल द्वारा राजस्व वृद्धि के लिए यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन को प्रोत्साहन और आय के नए स्रोत विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों की मांग के अनुसार स्पेशल ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था और नए स्टेशनों पर ठहराव दिए जा रहे हैं।
वहीं, माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए माल गोदामों में 24 घंटे लोडिंग-अनलोडिंग की सुविधा, नए माल गोदामों और गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का विकास किया जा रहा है। व्यवसाय विकास इकाइयों (BDU) के माध्यम से नए ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
इसके अलावा गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) और नई अभिनव गैर-किराया राजस्व विचार योजना (NINFRIS) के तहत रेलवे परिसरों एवं उपलब्ध संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ाकर आय के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
