जबलपुर. यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के प्रति प्रतिबद्धता निभाते हुए जबलपुर रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने अलग-अलग घटनाओं में तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। जवानों ने कहीं अकेले मिले नाबालिग को सुरक्षित आश्रय पहुंचाया, तो कहीं यात्री का कीमती सामान लौटाया। इसके अलावा हादसे में घायल परिवार को अस्पताल पहुंचाने और ट्रेन में बच्ची को जन्म देने वाली महिला को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाई।
सागर में नाबालिग को बाल आश्रम पहुंचाया
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 9 नवंबर को आरक्षक ललितेश कुमार ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अकेले घूम रहे करीब 13 वर्षीय अर्जुन उर्फ अज्जू मंडल को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद ASI मुकेश खरे ने 10 नवंबर को बालक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसे संजीवनी बाल आश्रम, सागर में सुपुर्द किया। इस संबंध में उसके पिता को भी सूचना दी गई।
बैग में मिले 60 हजार रुपये के सामान को लौटाया
ऑपरेशन अमानत के तहत 11 नवंबर को ट्रेन नंबर 12181 दयोदय एक्सप्रेस में यात्री विकास चौरसिया का बैग छूट गया था। RPF जवानों ने बैग को मालखेड़ी स्टेशन पर सुरक्षित उतरवाया। उसमें लैपटॉप, टैबलेट, बैंक कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान था। सत्यापन के बाद पूरा सामान यात्री को लौटा दिया गया।
घायल परिवार को अस्पताल पहुंचाया, बच्ची को भी सुरक्षित बचाया
14 नवंबर को ट्रेन नंबर 12182 से बांदकपुर स्टेशन पर उतरने के प्रयास में भागीरथ आदिवासी, उनकी पत्नी सविता और तीन वर्षीय बेटी घायल हो गए। सूचना मिलते ही ASI अनिल कुमार यादव ने तीनों को जिला चिकित्सालय, दमोह पहुंचाया। इसी दौरान ट्रेन में छूट गई उनकी बेटी रितिका को ASI भागचंद कोरी ने कटनी मुड़वारा स्टेशन पर सुरक्षित उतारा। बाद में महिला आरक्षक पूनम भंडारी और अन्य जवानों ने बाल कल्याण समिति, दमोह के सदस्यों की मौजूदगी में बच्ची को सुरक्षित सुपुर्द किया। अलग-अलग स्टेशनों पर तैनात RPF जवानों के समन्वय से परिवार को समय पर सहायता मिल सकी।
ट्रेन में बच्ची के जन्म पर मां और नवजात को चिकित्सा सहायता
ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत 15 नवंबर को ट्रेन नंबर 09041 के जनरल कोच में एक महिला यात्री ने बच्ची को जन्म दिया। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, महिला आरक्षक सोनम राजकुंवर और आरक्षक हरेंद्र सिंह ने रेलवे चिकित्सक तथा डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के सहयोग से प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर मां और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जांच में दोनों स्वस्थ पाए गए। महिला को आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए जबलपुर स्टेशन पर उतरने की सलाह दी गई, लेकिन परिजनों ने उतरने से इनकार कर दिया। मां और बच्ची के स्वस्थ होने की पुष्टि के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
RPF जवानों की इन पहलों से यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ जरूरत के समय मानवीय सहायता उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका भी सामने आई है। बच्चों के संरक्षण, यात्रियों के सामान की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित मदद के जरिए जवानों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
