khabar abhi tak

WCR में 80 वर्ष एवं अधिक आयु के पेंशनर्स के लिए विशेष शिविर आयोजित डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य जांच शिविर

 1 से 30 नवंबर तक तीनों मंडलों में लगेंगे कैंप

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन द्वारा पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 31 अक्टूबर को केंद्रीय चिकित्सालय, जबलपुर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सालय के सभागृह में आयोजित इस शिविर में 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) बनाए गए। साथ ही उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पेंशनर्स को इन सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में 1 से 30 नवंबर 2026 तक विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

जबलपुर मंडल में 2 नवंबर को उमंग सामुदायिक भवन सहित सात प्रमुख स्टेशनों- सतना, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, पिपरिया और ब्यौहारी में मेगा कैंप आयोजित होंगे। ये शिविर 2 से 30 नवंबर तक कार्यदिवसों में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे।

इसके अलावा मंडल कार्यालय जबलपुर, कटनी और सतना के समाधान केंद्रों तथा नरसिंहपुर, ब्यौहारी, दमोह, सागर और पिपरिया के स्टेशन अधीक्षक कार्यालयों में भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। भोपाल और कोटा मंडलों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्टेशनों एवं स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। रेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाना और उन्हें सुविधाजनक तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak