khabar abhi tak

जबलपुर में मुख्यमंत्री की पदयात्रा दो नवम्बर को, जानिए कैसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था



जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 नवंबर को जबलपुर आगमन एवं लोकतंत्र तथा संवैधानिक संस्थाओं के समर्थन में आयोजित पदयात्रा को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने शहर की नई सुरक्षा व मार्ग व्यवस्था तय की है। यह पदयात्रा दोपहर 3 बजे शहीद स्मारक से शुरू होगी। उधर प्रमुख आयोजन गोल बाजार से प्रारंभ होकर श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक और करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक पर संपन्न होगा। इस आयोजन के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रा वाले मुख्य बाजार क्षेत्र में सभी प्रकार के दोपहिया, तीनपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

​मुख्य बाजार का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा

​शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में पदयात्रा के चलते छह घंटे तक आम वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए शहर के भीतर यात्रा करते समय मुख्य सड़कों की जगह फ्लाई ओवर का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें ताकि मुख्य धरातल पर किसी प्रकार का जाम न लगे। दमोह नाका से आने वाले वाहन गोलबाजार और बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने के बजाय बलदेवबाग से उखरी होकर आगे बढ़ेंगे। गोहलपुर से आने वाले ट्रैफिक को फ्लाईओवर से मदन महल, सुहागन आभूषण और तीनपत्ती चौक से शहर में भेजा जाएगा। हाईकोर्ट चौक की तरफ जाने और आने वाले वाहन घंटाघर, तैयबअली चौक, तीनपत्ती चौक और यातायात थाना तिराहा से रानीताल की ओर जा सकेंगे। इसी प्रकार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बलदेवबाग से पांडेय चौक और रानीताल चौक के बीच छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश, सामान चढ़ाने और उतारने पर पूर्ण रोक लगाई गई है। छोटी लाईन अथवा ब्लूम चौक की ओर से जाने वाले वाहन तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होकर फ्लाई ओवर के ऊपर से निकलेंगे। मदन महल से आने वाला यातायात गेट नंबर-4 से डायवर्ट होगा तथा तीन पत्ती से ज्योति टॉकीज और तैयब अली चौक होकर शहर के भीतर प्रवेश करेगा।

​आगंतुकों के वाहनों हेतु अलग पार्किंग व्यवस्था तय

​कार्यक्रम में शामिल होने पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, सिहोरा, डिंडौरी और मंडला से आने वाली सभी बसें निर्धारित मार्गों से रानीताल चौक पहुंचकर सवारियां उतारेंगी। इसके बाद इन सभी बसों को रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में खड़ा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के दोपहिया वाहनों को महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल में खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। चार पहिया वाहनों को पार्क करने के लिए एमएलबी स्कूल और डीएन जैन स्कूल के परिसर सुरक्षित किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak