जबलपुर। शरद पूर्णिमा बीतते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आंध्र प्रदेश और उड़ीसा की समुद्री सीमा पर दस्तक देने जा रहे चक्रवात अर्नब के असर से संस्कारधानी के आसमान पर घने बादलों ने अपना डेरा जमा लिया है। मौसम विभाग और कृषि विभाग ने 29 अक्टूबर को आंधी-तूफान के साथ बूंदाबांदी तथा 30 अक्टूबर को मूसलाधार बारिश की संभावना जताते हुए सतर्कता का अलर्ट जारी किया है। बदले वातावरण के चलते दोपहर के पारे में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इसके साथ ही दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 30.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं बादलों के घेरे से रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से सीधे 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उमस घटी और रात का पारा अचानक उछला
अब तक गुलाबी ठंडक के बीच दिन के समय उमस और तपन का अहसास हो रहा था। दोपहर बाद अचानक पहुंचे बादलों ने सूरज की तपिश को शांत कर दिया। हवा में नमी बढ़ने से दिन का वातावरण ठंडा हुआ, जबकि बादलों की चादर के कारण रात के पारे में 3.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई।
कटी फसलें सहेजें और बुवाई का काम रोकें
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खलिहानों में रखी खरीफ की कटी उपज सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाएं। रबी फसलों के लिए खेत तैयार करने और बीज बोने का काम फिलहाल टाल दें। झक्कड़ चलने से कच्ची छतों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरती जाए।
