khabar abhi tak

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जबलपुर रेल मंडल में निकाली गई ‘रन फॉर यूनिटी’

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

जबलपुर. राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जबलपुर रेल मंडल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रहित, एकता, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर श्री गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ समाज में भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

‘रन फॉर यूनिटी’ में रेलकर्मियों ने दिखाया उत्साह

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सुबह 8 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ कलेक्ट्रेट चौराहे से होते हुए उमंग रेल सामुदायिक भवन पहुंचकर संपन्न हुई।

इसमें मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, वरिष्ठ पर्यवेक्षक, कल्याण निरीक्षक, कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य, खिलाड़ी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी, सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) शचि पति नंदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से रेलकर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak