जबलपुर। सिहोरा थानान्तर्गत ग्राम बरगी में बीती देर रात बाइक सवार युवक कौड़ीलाल को तेज गति से आ रहे डम्पर ने टक्कर मारकर कुचल दिया, हादसे में कौड़ीलाल के शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख आसपास से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम छपरा सिहोरा निवासी कौड़ीलाल पिता छोटेलाल बाइक से ग्राम खामा किसी काम से गए थे। जहां से वह अपने घर जाने के लिए निकले। वे देर रात दो बजे के लगभग बरगी रोड से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान कटनी की ओर से आए डम्पर के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। डम्पर की टक्कर लगते ही कौड़ीलाल सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए डम्पर निकल गया। हादसे में कौड़ीलाल के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। खून से लथपथ कौड़ीलाल मृत हालत में सड़क पर पड़े रहे। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर फरार वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है। वहीं घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया, इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरु हो सकी।