khabar abhi tak

दमोह में जबलपुर रोड पर बस की टक्कर से दो छात्राओं की मौत, 1 गंभीर, स्कूल जाते समय हादसा, लोगों ने किया चक्काजाम, पथराव

दमोह. एमपी के दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर नोहटा थाना क्षेत्र के अभाना गांव के पास एक यात्री बस की टक्कर से दो छात्राओं की जान चली गई। तीसरी छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। छात्राएं स्कूल जा रही थीं। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बसों पर पथराव करते हुए चक्काजाम कर दिया। घटना स्थल पर पुलिसबल तैनात किया गया है।

हादसा सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ। मृत छात्राओं की पहचान 14 वर्षीय दसोदा पटेल और आरुषि ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों आठवीं कक्षा की छात्रा थीं। इस घटना में नित्या सेन नाम की तीसरी छात्रा भी शामिल थी। दमोह नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली है। आरुषि के अलावा उसका भाई था जबकि दसोदा माता पिता की अकेली संतान थी।

स्थानीय लोगों ने किया चक्काजाम

तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि बस की टक्कर से दो छात्राओं की मौत हुई है जबकि एक छात्रा घायल है। जिसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर प्रदर्शन किया था। उनकी जो मांगे थी उसे तत्काल पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से बात की। जिला परिवहन अधिकारी को तत्काल बस जब्त करने के निर्देश दिए हैं।

बस यात्री के ऊपर गिरा सामान

दमोह सिविल वार्ड 7 निवासी देवकरण शर्मा ने बताया कि वह भी नूरी कंपनी की बस में सवार होकर नोहटा अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जैसे ही घटना हुई तो उनके ऊपर बस के अंदर रखा सामान गिर गया। जिसमें घायल होकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 की सहायता से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak