जबलपुर। साइबर क्राइम के मामले थम नहीं रहे हैं, बल्कि रोजाना कहीं न कहीं किसी न किसी तरह से लोगों के खाते खाली हो रहे हैं। सिहोरा में भी ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक का मोबाइल हैक करके उसके दो बैंकों के खाते से 61 हजार रूपए निकाल लिए गए। युवक को तब जानकारी लगी, जब उसके पास बैंक के मैसेज आए थे।
सिहोरा पुलिस ने बताया कि दर्शनी गांव के रहने वाले आनंद साहू ने धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने जांच में आनंद साहू के कथन लिए, जिसमें बताया गया कि उसके मोबाइल में इंडियन बैंक तथा पंजाब नेशनल बैंक के खाते से पैसों का लेनदेन वाला एप है। 2 अक्टूबर को रात लगभग 1-30 बजे मोबाइल में रील्स देख कर जिया एप को मोबाइल में इंस्टाल किया। उसका मोबाइल हैक हो गया। उसने मोबाइल सर्विस सेंटर लेकर गया। मोबाइल का साफ्टवेयर अपडेट करा दिया। मोबाइल ठीक हो गया था। 5 अक्टूबर की शाम लगभग 7-38 बजे उसके मोबाइल पर इंडियन बैंक के खाते से 50 हजार रूपये व पंजाब नेशनल बैंक से 11 हजार रूपये कटने के मैसेज आये। दोनों बैंक जाकर पता किया किसी अज्ञात व्यक्ति ने एप के माध्यम से आनलाईन धोखाधड़ी करते हुये उसके दोनों खातों से कुल 61 हजार रूपये हड़प लिये।