जबलपुर। धन्वन्तरि नगर की जसूजा सिटी में आयोजित गरबा उत्सव के दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारियों की एंट्री से अचानक तनाव फैल गया। संगठन के पदाधिकारी वहां पहुंच रहे प्रतिभागियों के पहचान पत्र की जांच करने पहुंचे थे, जिस पर आयोजकों के निजी सुरक्षा कर्मियों ने एतराज जताया। पुलिस बल की तैनाती के बीच दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते झूमाझटकी में तब्दील हो गई। इस झड़प में संगठन की महिला पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की महिला बाउंसरों पर हाथापाई करने और जबरन धकेलने के गंभीर आरोप लगाए। हंगामे की खबर फैलते ही दल-बल समेत अन्य कार्यकर्ता भी वहां जमा हो गए।
सड़क पर चक्काजाम से वाहनों की लंबी कतारें
घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने जसूजा सिटी के ठीक बाहर मुख्य मार्ग को रोक दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। माहौल बिगड़ता देख शहर के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तेजित कार्यकर्ताओं को समझाते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और सुरक्षाकर्मियों पर यथोचित कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया गया।
