जबलपुर। नवरात्र पर्व पर करीब 1900 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिसके चलते सप्तमी, अष्टमी और नवमी की शाम से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक डायवर्सन प्लान लागू किया है। सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और आवागमन सुचारू रहे, इसके लिए शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, चौक-चौराहों और व्यस्त बाजारों की ओर जाने वाले 4 और 3 पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि आवश्यकतानुसार दोपहिया वाहनों का भी डायवर्सन किया जा सकता है और निर्धारित मार्गों में मौके पर फेरबदल भी संभव होगा।
प्रमुख देवी मंदिरों के आसपास गाड़ियां रहेंगी पूरी तरह प्रतिबंधित
बड़ी खेरमाई और बूढ़ी खेरमाई मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। भानतलैया, बकरा मार्केट तथा अनवरगंज की तरफ से बड़ी खेरमाई की ओर चार पहिया और तीन पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। इसके साथ ही मछली मार्केट, मिलौनीगंज चौक और चारखंबा से बूढ़ी खेरमाई की तरफ भी इन वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया है। महाकाली प्रतिमा दर्शन के लिए गढ़ाफाटक क्षेत्र में शंकर घी भंडार, चरहाई क्रॉसिंग, लोहिया पुल तथा रानीताल चौक प्वाइंट से 4 और 3 पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसी तरह पड़ाव महाकाली प्रतिमा की ओर जाने के लिए शंकर घी भंडार, पांडे चौक और आगा चौक प्वाइंट से वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
कछपुरा सुनरहाई और नुनहाई में बदली रहेगी पूरी व्यवस्था
कछपुरा महाकाली माता प्रतिमा दर्शन मार्ग पर व्यवस्था बनाने के लिए मेहता पेट्रोल पंप क्रॉसिंग, मेहता पेट्रोल पंप अंडर ब्रिज क्रॉसिंग और दरवानी कोचिंग क्रॉसिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से चार पहिया व तीन पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके अलावा सुनरहाई एवं नुनहाई दुर्गा प्रतिमा की तरफ जाने वाले रास्तों पर कमानिया गेट, सराफा चौक, राजारसगुल्ला, हितकारिणी स्कूल तथा खटीक मोहल्ला प्वाइंट से वाहनों को रोक दिया जाएगा। इन सभी संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दबाव बढ़ने की स्थिति में दो पहिया वाहनों को भी डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है, ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बाजारों में निजी वाहन बंद और बसें बाईपास चलेंगी
शहर के हृदय स्थल बड़ा फुहारा क्षेत्र में सुपर बाजार, कछियाना क्रॉसिंग, गंजीपुरा, तुलाराम चौक और पांडे चौक प्वाइंट से 4 व 3 पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। सदर बाजार क्षेत्र में पेंटी नाका चौक, टीआई क्रॉसिंग और जयसवाल पेट्रोल पंप प्वाइंट से बाजार की ओर जाने वाले वाहनों पर पाबंदी लगाई गई है। समस्त रूट की सवारी बसें आईएसबीटी दीनदयाल से पाटन एक्टंगी बाईपास होकर चलेंगी और उनका शहर के भीतर प्रवेश निषेध रहेगा। इसके साथ ही पाटन, कटंगी, अमखेरा, अंधमूक, बरगी हिल्स, सगड़ा, एकता मार्केट, महाराजपुर और खमरिया बाईपास से भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी, जबकि एंबुलेंस व फायरब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को पूर्ण छूट मिलेगी।
