जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गाड़ी संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस में एक गर्भवती महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु त्वरित कार्रवाई की गई और तुरंत ही लेडी एल्गिन अस्पताल भिजवाया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेल मदद के माध्यम से गाड़ी संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस के कोच एस6 की सीट संख्या 39 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री की तबीयत खराब होने तथा प्रसव पीड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई। महिला नौ माह की गर्भवती थी। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल, रेल सुरक्षा बल, इमरजेंसी मेडिकल रूम स्टाफ एवं टिकट चेकिंग स्टाफ को तत्काल सूचित कर आवश्यक चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई।
गाड़ी के जबलपुर पहुँचने पर रेलवे की चिकित्सा कर्मी गुंजन जी द्वारा महिला यात्री की स्वास्थ्य जाँच की गई तथा उनकी स्थिति को देखते हुए यात्रा स्थगित कर तत्काल चिकित्सकीय देखरेख में जाने की सलाह दी गई। इसके पश्चात महिला यात्री को उनके पति एवं परिवार के अन्य सदस्यों सहित सुरक्षित रूप से ट्रेन से उतारा गया तथा रेलवे एम्बुलेंस के माध्यम से रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल), जबलपुर भेजने की व्यवस्था की गई।
इस दौरान डिप्टी एसएस, टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेल सुरक्षा बल के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित कर्मचारियों के बीच त्वरित समन्वय एवं तत्परता से महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। महिला यात्री के पति श्री संदीप ने रेलवे कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया, सहयोग एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
