khabar abhi tak

एमपी : बेटे की हत्या के बाद से फरार पिता ने पांचवे दिन ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम कोठिया में बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद फरार आरोपित पिता ने पांचवें दिन ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की कई टीमें 2 अक्टूबर से ही दिन-रात जंगलों में उसकी तलाश में सर्चिंग कर रही थीं। मंगलवार सुबह हत्या स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दो अक्टूबर को ग्राम कोठिया में नंदकुमार सिंह गोंड का अपने बेटे सिंघराज सिंह गोंड से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नंदकुमार ने गुस्से में बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सिंघराज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागकर आसपास के घने जंगलों में छिप गया था।

जंगल में तलाश करती रही पुलिस

सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ग्रामीणों के साथ लगातार जंगल में तलाशी अभियान चला रही थी। बीती रात भी 100 से अधिक ग्रामीणों के साथ रात दो बजे तक जंगल में सर्चिंग की गई, लेकिन घने जंगल और अंधेरे के कारण उसका पता नहीं चल सका।

भांजे से फोन पर कहा - मैंने यह कैसे कर दिया

घटना के बाद आरोपी का एक ऑडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि जंगल में छिपे नंदकुमार ने अपने भांजे को फोन किया था और कहा था कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उसने यह हत्या कैसे कर दी। उसे इस घटना का बहुत अफसोस है। बातचीत के बाद उसने फोन बंद कर लिया था।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव

लगातार तलाश के बीच मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने हत्या स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ब्यौहारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव की पहचान फरार आरोपी नंदकुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है और शव को परीक्षण के लिए भेजा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak