khabar abhi tak

ब्रेकिंग: सीएम हेल्पलाइन स्कोरकार्ड: जबलपुर को मिला 'A' ग्रेड का ताज,बड़ी छलांग



जबलपुर। मध्य प्रदेश में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जारी सीएम हेल्पलाइन की सितंबर 2026 की जिलावार ग्रेडिंग में जबलपुर जिले ने एक लंबे अंतराल के बाद जोरदार छलांग लगाकर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर लिया है। कुल 55 जिलों की इस सूची में दतिया दूसरे, उज्जैन तीसरे, रायसेन चौथे और बड़वानी पांचवें स्थान पर रहे हैं। जबलपुर को 88.46 के कुल वेटेज स्कोर के साथ शीर्ष 'A' रेटिंग मिली है। वहीं दूसरी ओर राजधानी भोपाल 76.25 स्कोर के साथ 55वें यानी सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है। इस माह बड़े और छोटे जिलों के बीच शिकायतों के निराकरण में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें जबलपुर ने सभी प्रशासनिक पैमानों पर बेहतर प्रदर्शन दर्ज कराया।

​जबलपुर के शानदार प्रदर्शन का पूरा संख्यात्मक ब्योरा

​सितंबर 2026 के दौरान जबलपुर जिले में सीएम हेल्पलाइन पर कुल 14148 शिकायतें दर्ज की गई थीं। इनमें से ग्रेडिंग माह की निराकरण हेतु शेष शिकायतों की संख्या 1392 रही। जिले में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों की संख्या 2469 दर्ज हुई, जिससे निराकरण के लिए कुल शेष शिकायतों का आंकड़ा 3861 बना। मूल्यांकन के मानकों में जिले ने 60 प्रतिशत वेटेज वाले संतुष्टि बंद निराकरण में 52.91 अंक अर्जित किए। इसके अलावा 20 प्रतिशत वेटेज वाली 50 दिवस से अधिक लंबित श्रेणी में 15.67 अंक मिले। निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों के 10 प्रतिशत वेटेज में 9.94 और नॉट-अटेंडेड श्रेणी के 10 प्रतिशत वेटेज में 9.94 अंक प्राप्त कर जिले ने प्रथम रैंक पाई।

​शीर्ष दस जिलों में इन अंचलों की मौजूदगी

​तालिका में दतिया ने 5058 कुल शिकायतों और 88.15 स्कोर के साथ दूसरा स्थान अर्जित किया। उज्जैन 8999 शिकायतों के साथ 86.41 स्कोर लेकर तीसरे पायदान पर रहा। रायसेन ने 7648 शिकायतों और 86.39 स्कोर के साथ चौथा क्रम हासिल किया। बड़वानी 2481 शिकायतों और 86.25 स्कोर के साथ पांचवें नंबर पर काबिज हुआ। सिंगरौली 7513 शिकायतों व 85.87 स्कोर के साथ छठे स्थान पर आया। डिंडोरी ने 3531 शिकायतों पर 85.79 अंक पाकर सातवां स्थान लिया। सीहोर 5550 शिकायतों और 85.72 स्कोर से आठवें पर रहा। छिंदवाड़ा 8415 शिकायतों के साथ 85.40 अंक लेकर नौवें और गुना 7039 शिकायतों पर 85.13 स्कोर के साथ दसवें स्थान पर दर्ज हुआ।

​बड़े शहरों का रिपोर्ट कार्ड,भोपाल सबसे नीचे

​इंदौर ने 15018 शिकायतों के साथ 84.77 स्कोर बनाकर 11वीं रैंक हासिल की। ग्वालियर में 15967 शिकायतों पर 82.13 स्कोर रहा, जिससे उसे 29वां स्थान मिला। सूची के अंतिम पायदानों पर नजर डालें तो श्योपुर 80.05 स्कोर के साथ 50वें स्थान तक 'A' रेटिंग पाने में सफल रहा। इसके बाद 51वें स्थान पर देवास 79.70 स्कोर, 52वें पर दमोह 79.43 स्कोर, 53वें पर झाबुआ 79.05 स्कोर और 54वें पर बुरहानपुर 78.47 स्कोर के साथ 'B' रेटिंग में रहे। अंतिम 55वें पायदान पर मौजूद भोपाल में कुल 16913 शिकायतें आईं, जहां 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतें 8910 रहीं और निराकरण हेतु शेष आंकड़ा 12667 पर पहुंच गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak