जबलपुर। साइबर क्राइम के मामले में लोगों के खाते खाली हो रहे हैं। मोबाइल हैकिंग के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में गोहलपुर और रांझी क्षेत्रों में चार लोगों के मोबाइल हैक करके अज्ञात लोगों ने खातों से लाखों रूपए हड़प लिए। इन मामलों की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
रांझी
मड़ई निवासी नेहा सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका यूनियन बैंक में खाता है। 22 अक्टूबर को सुबह लगभग 10 बजे उसको मोटो कम्पनी के फोन की स्क्रीन अपने आप काली हो गयी। स्क्रीन पर इंस्टालिंग सिस्टम अपडेट लिखा आ रहा था। मोबाइल चालू बंद नहीं हो रहा था। 23 अक्टूबर को शाम उसके पति रवि सिंह उसके फोन को मोबाइल की दुकान पर ले गये। दुकानदार ने बताया कि किसी ने मोबाइल हैक कर लिया है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाता से 44 हजार 900 रूपये निकाल लिये हैं।
गोहलपुर
बेनी सिंह की तलैया निवासी महबूब अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रक बनाने का काम करता है। उसका बैंक अकाउण्ट इंडियन बैंक शाखा माढ़ोताल में तथा दूसरा एयू स्माल फाईनेंस बैंक जबलपुर में है। दोनों बैंक खातों में उसका मोबाइल लिंक है। 20 अक्टूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका फोन हैक कर उसके इंडियन बैंक के खाते से रात 9-26 बजे उसके इंडियन बैंक अकाउण्ट से तीन बार में कुल 42 हजार रूपये तथा एयू स्माल फाइनेंस बैंक खाता से 7 हजार 700 रूपये कट गये। इस तरह किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बैंक खातों से कुल 49 हजार 700 रूपये धोखाधड़ी कर निकाल लिये।
गोहलपुर
अंबेडकर कॉलोनी में रहने वाले अनुरूप तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ख्ेाती किसानी का काम करता है। उसका बैंक अकाउण्ट यूनियन बैंक आफ इंडिया शाखा विजयनगर में है। खाते से उसका मोबाइल नम्बर लिंक है। 5 अक्टूबर को सुबह 11-40 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल हैक कर उसके खाते से 98 हजार 888 रूपये व 6 अक्टूबर को 12-29 बजे 42 हजार 400 रूपये धोधाधड़ी करते हुये निकाल लिये। इस तरह अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके साथ 1 लाख 41 हजार 288 रूपये की धोखाधड़ी की है।
गोहलपुर
रामनगर में रहने वाले मोहम्मद आबिद हसन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सब्जी का काम करता है। उसका बैंक अकाउण्ट आईसीआईसीआई बैंक शाखा अधारताल में है। उसका मोबाइल नम्बर लिंक है। वह फोन-पे चलाता है। 18 अक्टूबर को अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से अलग अलग किस्तों में कुल 6 लाख 39 हजार 229 रूपये धोखाधड़ी कर निकाल लिये हैं।
