जबलपुर। रेलवे में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने वाले कर्मचारियों पर अब सख्ती की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने ऐसे कर्मचारियों की पहचान के लिए विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत लेवल क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन के अलावा मंडल और मुख्यालय स्तर पर इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग व सेफ्टी विभाग के कर्मचारियों की भी जांच की जाएगी।
रात 10 से सुबह 6 बजे तक औचक जांच
रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, अभियान में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक औचक जांच पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए लॉबी में उपलब्ध पोर्टेबल ब्रीथ एनालाइजर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। जांच का मकसद ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने वाले कर्मचारियों की पहचान कर रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
शराब पीने के आदी कर्मचारियों पर विशेष नजर
अभियान के तहत इंस्पेक्टरों और सुपरवाइजरों को विभिन्न स्रोतों से फीडबैक लेकर ऐसे गेटमैन की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें शराब पीने की आदत है। इन कर्मचारियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, रेलकर्मियों को जागरूक किया जाएगा कि ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के नशे में पाए जाने पर इसकी सूचना देना उनकी जिम्मेदारी है।
नियमों के तहत होगी कार्रवाई
रेलवे बोर्ड ने पीसीएसओ को अभियान से मिले फीडबैक का गंभीरता से विश्लेषण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इस पहल का उद्देश्य रेलकर्मियों की सतर्कता बनाए रखना, लापरवाही पर अंकुश लगाना और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करना है।
