जबलपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी का अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अधीक्षण यंत्री,सिटी संजय अरोरा के मार्गदर्शन एवं सीधी निगरानी में शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, पंडालों और मुख्य विसर्जन मार्गों पर सघन सुरक्षा व निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान जहां भी खुले तार, करंट लीकेज या बिना वैध टीसी (अस्थाई कनेक्शन) के सजावटी झालरें पाई गईं, वहां तत्काल प्रभाव से विद्युत सप्लाई बंद कराकर खामियों को दुरुस्त कराया गया।
कहाँ-कैसे सुरक्षित किये गए प्वाइंट
- दमोह नाका फ्लाईओवर: निरीक्षण के दौरान डिवाइडर को छू रही सजावटी झालर में कई जगह कट मिले, जिनमें करंट दौड़ रहा था और समिति द्वारा वैध टीसी भी नहीं ली गई थी। अधीक्षण यंत्री श्री अरोरा के निर्देश पर लाइन स्टाफ ने तत्काल सप्लाई बंद कराई, वैध टीसी लेने के निर्देश दिए और झालरों को सुरक्षित दूरी पर ऊपर बंधवाया।
- जोगी माता मंदिर पंडाल: तारों में कट और करंट लीकेज की पुष्टि होने पर संभावित दुर्घटना को टालने के लिए तुरंत बिजली सप्लाई कटवाई गई और वायरिंग को सुरक्षित किया गया।
- रामनगर (शिव पचमठा मंदिर दुर्गा उत्सव समिति): सजावटी तारों पर इंसुलेशन टेप न लगाए जाने के कारण होने वाले खतरे को देखते हुए रोड लाइट की सप्लाई बंद कराई गई और तारों को दुरुस्त करने को कहा गया।
- नौदरा ब्रिज: निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग पर विद्युत केबल में कट पॉइंट चिह्नित कर तुरंत मरम्मत करवाई गई ताकि आवागमन में करंट का खतरा न रहे।
- ग्वारीघाट विसर्जन मार्ग (ग्रेनेड चौक/रामपुर): विसर्जन चल समारोह के दौरान बड़ी प्रतिमाओं और वाहनों के सुगम निकास के लिए मुख्य सड़क को पार करने वाली सभी विद्युत केबलों व तारों को लिफ्ट कर अधिकतम ऊंचाई पर व्यवस्थित किया गया।
- कमला नेहरू नगर एवं भीड़भाड़ वाले पंडाल: एलियन हाउस सहित अधिक भीड़ वाले पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराया गया, जिसमें लोगों को लोहे के पाइपों और सजावटी झालर वाले स्ट्रक्चर से दूरी बनाए रखने की लगातार हिदायत दी गई।
सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा:अरोरा
अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनसुरक्षा बिजली विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी या बिना वैध अस्थाई कनेक्शन के किसी भी प्रकार की वायरिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विसर्जन मार्गों और प्रमुख पंडालों पर हमारी टीमें लगातार 24 घंटे पेट्रोलिंग कर रही हैं। यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां तुरंत सख्त कदम उठाए जाएंगे। शहरवासियों और सभी दुर्गा उत्सव समितियों से अपील है कि वे खुले व कटे तारों से दूरी बनाकर रखें तथा आवश्यक होने पर तत्काल विभागीय कंट्रोल रूम को सूचित करें।
