जबलपुर. सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर रेल मंडल ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। मंडल ने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए यात्रियों को अपनी और सहयात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
रेल मंडल ने यात्रियों से ट्रेन में पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ और आग लगने की आशंका वाली वस्तुएं लेकर नहीं चलने की अपील की है। ऐसे सामान से आगजनी की घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निर्धारित पीली सुरक्षा रेखा के पीछे खड़े रहने तथा ट्रेन के आने-जाने के दौरान पटरियों के किनारे से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रेन में चढ़ने या उतरने से पहले उसके पूरी तरह रुकने का इंतजार करें। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे जल्दबाजी से बचें और रेलवे के सुरक्षा निर्देशों का पालन कर अपनी यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनाएं।
