khabar abhi tak

रेलवे प्वाइंट्समैन के लिए खुशखबरी, अब हर दो साल में मिलेगा अगला प्रमोशन ग्रेड

नई दिल्ली। रेलवे में प्वाइंट्समैन की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। अब प्वाइंट्समैन का 2800 से 4200 ग्रेड पे तक प्रमोशन संभव हो सकेगा। अधिकतर प्वाइंट्समैन 2400 ग्रेड पे तक पहुंचकर रिटायर होते जा रहे थे। रेलवे बोर्ड ने प्वाइंट्समैन कैडर में प्रमोशन की नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब उन्हें प्रत्येक दो साल की सेवा पर अगला ग्रेड मिल जाएगा। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को निर्धारित दो वर्ष की क्वालिफाइंग सर्विस (योग्यता सेवा) या रेजिडेंसी पीरियड (सेवा करने की समय-सीमा) पूरी करनी होगी।

रेलवे बोर्ड ने जारी निर्देश में प्वाइंट्समैन के चार ग्रेड निर्धारित करते हुए उनके बीच पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था तय की है। ग्रेड-4 से ग्रेड-1 तक क्रमिक रूप से पदोन्नति होगी। ग्रेड-4 के पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए भर्ती के मौजूदा नियम लागू होंगे।

न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास, आइटीआई अथवा समकक्ष या एनसीवीटी से प्राप्त नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (एनएसी) होगी। ग्रेड-4 से ग्रेड-3 में पदोन्नति वरिष्ठता-सह-उपयुक्तता के आधार पर होगी। इसी तरह ग्रेड-3 से ग्रेड-2 और ग्रेड-2 से ग्रेड-1 में भी वरिष्ठता-सह-उपयुक्तता के आधार पर पदोन्नति होगी। दोनों स्तरों पर निर्धारित दो वर्ष की सेवा अवधि पूरी करनी होगी।

इस तरह प्वाइंट्समैन के लिए पदोन्नति की नई सीढ़ी ग्रेड-4 (लेवल-1) से ग्रेड-3 (लेवल-2) से ग्रेड-2 (लेवल-4) से ग्रेड- 1 (लेवल-5) पर जाकर पूरी होगी। रेलवे बोर्ड के उप निदेशक संजय कुमार ने एक अक्टूबर, 2026 को पत्र लिखकर सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट के महाप्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।

पत्र में कहा गया है कि क्षेत्रीय रेलवे नई व्यवस्था के अनुरूप प्वाइंट्समैन कैडर से संबंधित नियमों में आवश्यक संशोधन और अपडेट करें। नए निर्देश जारी होने की तारीख से प्रभावी होंगे। रेलवे बोर्ड के इस फैसले से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में खुशी है। कर्मचारी संगठनों ने निर्णय का स्वागत किया है। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआइआरएफ) के (जनरल सेक्रेटरी) शिव गोपाल मिश्र ने प्वाइंट्समैन कैडर के प्रमोशन को रेलवे बोर्ड के समक्ष स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में उठाया था।

प्वाइंट्समैन को अब ऐसे मिलेगी पदोन्नति

ग्रेड-4: लेवल-1 (सीधी भर्ती, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या आइटीआइ/एनसीवीटी द्वारा प्रदत्त नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट - एनएसी)

ग्रेड-3: लेवल-2 (वरिष्ठता-सह-उपयुक्तता के आधार पर दो वर्ष की सेवा के बाद पदोन्नति)

ग्रेड-2: लेवल-4 (पदोन्नति के माध्यम से)

ग्रेड-1: लेवल-5 (पदोन्नति के माध्यम से).

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak