जबलपुर। एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर नयागांव में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का समापन हुआ, जिसकी थीम स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत रही। सहायक अभियंता जितेंद्र कुलकर्णी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अभियंता प्रदीप सचान, राजेश गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता विवेक अग्रवाल, अनुराग मिश्रा, सी.एम. जैन, नितेश सिंह, राहुल पांडे, लोकेश श्रीवास्तव, राजीव सिन्हा, ऋषभ नायक, समीरन रॉय, अनंत कुशवाहा, आनंद मालवीय और ऑपरेटर कविता कुशवाहा, अन्नू सिंह, अन्नू दुबे, भावना बेन, प्रतुल तिवारी तथा मनोज सहित समस्त स्टाफ ने मिलकर परिसर में व्यापक श्रमदान किया। इस दौरान सफाई मित्रों तथा सुरक्षा कर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष रक्त परीक्षण शिविर भी लगाया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर की परिसर सफाई
श्रमदान गतिविधि के माध्यम से कार्यालय के चारों तरफ फैले कचरे को हटाकर पूरे प्रांगण को व्यवस्थित रूप दिया गया। सभी तकनीकी कर्मियों और अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू थामकर कार्यस्थल को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी बराबर हिस्सेदारी निभाई। इस सामूहिक प्रयास से पूरे परिसर का कायाकल्प हुआ और हर वर्ग ने पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दिया।
सफाई मित्रों एवं सुरक्षा कर्मियों की हुई जांच
रक्त परीक्षण शिविर में विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही रक्त के नमूने लेकर जरूरी चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। मुख्य अभियंता प्रदीप सचान ने दैनिक जीवन में साफ-सफाई को जनआंदोलन बनाने की प्रेरणा दी। अंत में स्वच्छता मित्रों एवं सुरक्षा कर्मियों के निरंतर समर्पण की प्रशंसा करते हुए सभी ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का साझा संकल्प लिया।

