गोरखपुर। गोरखपुर क्षेत्र में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब दशहरा घूमने निकले दम्पति व उनके बेटे पर तीन बदमाशों ने रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। मामूली बात पर किए गए हमले में पति-पत्नी व बेटे के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। हमला होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ओम साई मंदिर, कंजर मोहल्ला घमापुर निवासी नितिन जाट उम्र 40 वर्ष बीती रात बजे के लगभग लगभग 11 बजे अपनी मोटर साइकिल पर अपनी पत्नी और बेटे नेतिक जाट को बैठाकर छोटी लाइन गोरखपुर के पास दशहरा देखने निकला था। जब वे सड़क पर घूम रहे थे, तभी पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़के तेजी से आए और अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कैसे गाड़ी चला रहा है। नितिन ने तीनों से ठीक से बात करने के लिए कहा, जिसपर तीनों बदमाशों ने चाकू निकालकर नितिन के चेहरे, पीठ और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी के हाथों पर और पुत्र नेतिक जाट पर भी हमला किया, जिससे उनके हाथ व चेहरे पर चोटें आई। हमला होते देख हड़कम्प मच गया, देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, इस बीच हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की खबर मिलते ही कुछ दूरी पर खड़े पुलिस कर्मी पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि हमलावर जतिन ठाकुर, ललित ठाकुर और कार्तिक ठाकुर निवासी पंसारी मोहल्ला गोरखपुर के बताए जा रहे है।