पुलिस के अनुसार माधव शर्मा उम्र 17 वर्ष निवासी कृष्णा टाउन महाराजपुर कक्षा 12वीं का छात्र है। वहीं बीती रात दस बजे के लगभग अपने साथी कृष्णा श्रीवास्तव और दीपेश वंशकार के साथ वेलकम कॉलोनी, लखेरा आटा चक्की के पास स्थित दुर्गा पंडाल में भंडारा लेने के लिए पहुंचा। इस दौरान वेलकम कॉलोनी निवासी मन्नू पटेल और चीकू वहां पहुंचे और छात्रों से शराब पीने के लिए 1 हजार रुपयों की मांग करने लगे। जब छात्रों ने पैसे देने से साफ इनकार किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपी चीकू व मन्नू पटैल ने चाकू निकालकर तीनों छात्रों पर ताबड़तोड़ वार किए, हमले में तीनों छात्रों के पैर, चेहरे, हाथ में गंभीर चोटें आई। हमला होते देख प्रसाद लेने पहुंचे श्रद्धालुओं में चीख पुकार व भगदड़ मच गई। घायल अवस्था में माधव और कृष्णा थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों द्वारा स्थिति को गंभीर देखते हुए माधव और कृष्णा को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने मामले में हमलावरों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 119(1), 118(1), 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur