जबलपुर। कछियाना की साहू गली में दबंगई और शराब पीने के लिए रुपये न देने पर युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने महाराजपुर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमात देशी कट्टा, पिस्टल, दो चाकू और लूटी स्कूटी जब्त की। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला।
लार्डगंज पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे तरुण मृगे कछियाना साहू गली में था। तभी मोहल्ले के ही तीन युवक सत्पम साहू, सत्तादित्य सिंह और वीरू शराब के नशे में पहुंचे। वे तरुण से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। जब तरुण ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो तीनों ने विवाद करते हुए उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर गोली भी चलाई। गोली तरुण के घुटने में लगी थी। इसके साथ ही आरोपियों ने उस पर चाकू से भी कई वार किए और मौके से फरार हो गए। घायल तरुण को तत्कात इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने महाराजपुर बाईपास से सत्यम, सत्तादित्य और वीरू को गिरफ्तार किया। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि गोलीकांड के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार के बारे में पूछताछ की जा रही है।
