जबलपुर। रांझी के टेमर भीटा में भूमाफिया ने एक महिला को प्लाट दिखाकर उसका सौदा कर दस लाख रूपए हड़प लिए। पुलिस ने छानबीन के बाद भूमाफिया पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
गोराबाजार पुलिस ने बताया कि सरोज राय की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन करने के बाद आरोपी रमनीत सेठी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि टेमर भीटा में जीकेएस कन्सट्र्क्शन कंपनी के संचालक रमनीत सेठी ने महिला को एक हजार वर्ग फीट का प्लाट दिखाकर उसका 17 लाख रूपए में सौदा किया था।
सौदा करने के साथ ही महिला ने बतौर एडवांस उसे रजिस्टर्ड दस्तावेजों के आधार पर दस लाख रूपए दिए थे। प्लाट की रजिस्ट्र्ी कराने के लिए एक वर्ष का समय दिया गया था। समय बीत जाने के बाद महिला के द्वारा कई बार संपर्क करने पर भूमाफिया ने उसकी रजिस्ट्र्ी नहीं करवाई और न ही उसके पैसे वापस किए। इससे थक-हारकर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी।
