पन्ना के अमानगंज निवासी किसान प्रेमनारायण शर्मा उम्र 56 वर्ष पेश से किसान है। वे पिछले दिनों इलाज के सिलसिले में बस से जबलपुर के दीनदयाल बस स्टैंड पहुंचे थे। उन्होंने अपनी जींस पेंट की दाहिने जेब में 9,500 रुपये सुरक्षित रखे थे। दीनदयाल चौक से मदनमहल स्थित माही अस्पताल जाने के लिए उन्होंने एक पीले रंग का ऑटो किया और चालक के ठीक बगल वाली सीट पर बैठ गए। ऑटो में बैठने से पहले उन्होंने अपनी जेब टटोली थी, तब पैसे सुरक्षित थे। सफर के दौरान दीनदयाल चौक और एसबीआई चौक के बीच ऑटो चालक ने बार-बार गाड़ी खराब होने का नाटक किया। वह बार-बार अपनी गाड़ी ठीक करने के बहाने किसान की दाहिनी तरफ हाथ डालता रहा। पीडि़त को उस वक्त उसकी नीयत पर कोई शक नहीं हुआ। इसके बाद, एसबीआई चौक विजयनगर के पास चालक ने यह कहकर किसान को ऑटो से उतार दिया कि अब गाड़ी आगे नहीं जा पाएगी। इसके बाद पीडि़त किसान दूसरे ऑटो में बैठकर मदनमहल स्थित माही अस्पताल पहुंचा। जब उसने अस्पताल पहुंचने पर किराया देने के लिए अपनी पेंट की जेब चेक की, तो उसके होश उड़ गए—जेब से 9 हजार 500 रुपये गायब थे। उसे तुरंत समझ आ गया कि रास्ते में पीले रंग के ऑटो चालक ने ही गाड़ी खराब होने का झांसा देकर उसकी जेब से रुपये चोरी किए हैं। घटना के बाद पीडि़त ने थाना विजयनगर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी ऑटो चालक की तलाश के लिए विवेचना शुरू कर दी है।
जबलपुर। विजय नगर क्षेत्र में आटो में सवार पन्ना के किसान प्रेमनारायण शर्मा के चालक ने जेब से 9 हजार रुपए चोरी कर लिए। इसके बाद आटो खराब होने का नाटक करते हुए प्रेमनारायण को यह कहकर उतार दिया कि आटो नहीं चल पाएगा, दूसरी आटो से चले जाए। प्रेमनारायण शर्मा जबलपुर में इलाज के सिलसिले में आए थे, जो घटना का शिकार हो गए।
Tags
jabalpur