जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन की बैठक में महामंत्री राकेश डी पी पाठक ने शासन के समक्ष कर्मचारियों की प्रमुख दिक्कतें रखीं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा संविदा आधार पर सेवारत अनुकंपा आश्रितों के नियमितीकरण और नियमित कर्मचारियों की पदोन्नति में बाधा बन रही सीपीसीटी परीक्षा अनिवार्यता से छूट देने की घोषणा के बावजूद आज तक सरकारी फरमान जारी नहीं हो सका है। इस प्रशासकीय देरी के चलते पूरे प्रदेश के हजारों कर्मी अपने वाजिब हक से महरूम चल रहे हैं। फेडरेशन पदाधिकारियों ने बैठक के मंच से राज्य के मुखिया और ऊर्जा मंत्री से यह गुहार लगाई कि वे चुनावी अथवा सार्वजनिक मंचों पर किए गए इस वादे को तत्काल अमल में लाएं ताकि मैदानी स्तर पर काम कर रहे प्रभावित कर्मियों को सीधा राहत मिल सके।
मृतक आश्रितों को नई भर्ती से पूर्व मिले न्याय
बैठक के दौरान महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने वर्ष 2000 से 2012 के मध्य मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल व बिजली कंपनियों में अपनी सेवाएं देते हुए जान गंवाने वाले कर्मियों के परिजनों की दयनीय आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने दो टूक मांग रखी कि किसी भी नई भर्ती प्रक्रिया को प्रारंभ करने से पहले इन सभी पीड़ित परिवारों को बिना किसी शर्त के नियमित पदों पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। इसके साथ ही बिजली तंत्र में वर्षों से पसीना बहा रहे आउटसोर्स अमले को भावी नियुक्तियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की वकालत की गई।
बिजली बिल रियायत और बकाया भत्ते तुरंत जारी हों
ऊर्जा क्षेत्र के सभी नियमित व संविदा अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त पेंशनर्स को पूर्व की व्यवस्था के अनुरूप घरेलू बिजली बिल में 50 प्रतिशत की छूट बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। लंबे अरसे से बकाया पड़े महंगाई भत्ते एवं महंगाई राहत का भुगतान बिना किसी विलंब के एकमुश्त जारी करने पर जोर दिया गया। संगठन के इतिहास, पेंशनरों की दिक्कतों और उनके त्वरित समाधान पर उपाध्यक्ष उमाशंकर मेहता, जोनल सचिव एन के यादव, रामेश्वर गांगे, अवसार अहमद, गोपाल चौहान, दिलीप शर्मा, दीपेश दुबे, कार्तिक शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह यादव, पुष्पराज सिंह, महेंद्र भदोरिया, राकेश भैसारे, दीप बिहारी, परमजीत सिंह, संकेत त्रिपाठी, जमिलुदीन अंसारी, इरफान उलहक, जेड एम अंसारी, मोहम्मद फरीद मंसूरी, विजय प्रजापत, जे एल जोशी, प्रवक्ता मदन वर्मा, वीरेंद्र मिश्रा, सुनील पटेल, प्रियंका यादव, ए के पांडे और डी के माथुर सहित भारी संख्या में उपस्थित सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।
