बताया गया है कि करीब 300 की आबादी वाले कुंडा कला गांव में पहली दुर्गा जी की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। जिससे गांव में धार्मिक वातावरण निर्मित रहा, पूरे नौ दिन तक लगातार धार्मिक आयोजन भजन संध्या, आरती, भंडारा का आयोजन किया गया। लेकिन विसर्जन को लेेकर देर रात गांव में उस वक्त तनाव का माहौल निर्मित हो गया, जब दो गुटों के लोग आमने सामने आ गए। पहली बार स्थापना करने वाले सिलावट समाज के लोगों का आरोप था कि जब वे विसर्जन जुलूस निकाल रहे थे, तब राजपूत समाज के लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस गतिरोध के कारण माता की झांकी करीब 4 से 5 घंटे तक सड़क पर ही खड़ी रही। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बाद में शांतिपूर्वक विसर्जन संपन्न कराया।
एक ही प्रतिमा स्थापित होती आई है-
मामले को लेकर यह आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने यह कहते हुए विसर्जन जुलूस रोक दिया कि परम्परा के अनुसार गांव में सिर्फ एक ही स्थान पर माता की प्रतिमा स्थापित होते आई है, जिसपर विवाद के हालात बन गए थे। दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, खबर मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इससे नाराज होकर सिलावट समाज के प्रतिनिधि बेलखेड़ा थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना भी दिया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी अभय प्रताप सिंह भी थाने पहुंचे और धार्मिक स्वतंत्रता के हनन का विरोध करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की।
दूसरा गुट बोला, विजर्सन नहीं रोका, संकरी गली से निकलने पर मना किया था-
इस मामले को लेकर राजपूत समाज के राजकुमार सिंह राजपूत ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी को विसर्जन से नहीं रोका गया। आपत्ति केवल इस बात पर थी कि दोनों जुलूस एक साथ संकरी गली से निकलेंगे तो अव्यवस्था और विवाद की स्थिति बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उन्हें कोई आपत्ति होती, तो वे स्थापना के समय ही विरोध दर्ज कराते। आज गुरुवार को पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से जल विसर्जन करा दिया गया।