जबलपुर। जिले के बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निगरी में दुर्गा पूजा पंडाल, कन्या भोज एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ कथित छुआछूत का गंभीर मामला सामने आया है। इस अमानवीय बर्ताव के विरोध में चौधरी, चमार और बसोर समाज के 100 से अधिक महिला, पुरुष तथा बच्चे लामबंद होकर बरगी थाने पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए लिखित शिकायत सौंपी। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व अखिलेश चौधरी, रामप्रसाद चौधरी, परशु चौधरी, गोपाल चौधरी, राजेंद्र बसोर, अनिल बसोर, कुसुंबी चमार, लोंग बाई चमार, ललिता बाई चमार तथा आरती बाई चमार कर रहे थे। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा धार्मिक आयोजनों में उन्हें अलग-थलग कर अपमानित किया जा रहा है।
पंडाल और भोज में दूरी से गहरा आघात
थाने में दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित समुदाय ने विस्तार से अपनी व्यथा रखी। उन्होंने बताया कि गांव के सभी लोग हिंदू धर्म में गहरी आस्था रखते हैं और समान रूप से माता रानी की आराधना करना चाहते हैं। इसके विपरीत, नवरात्रि के दौरान माता के पंडाल में पूजा-अर्चना करने और कन्या भोज जैसे पुनीत अनुष्ठान में उनकी छोटी-छोटी बालिकाओं को दूसरे बच्चों से अलग दूर बैठा दिया गया। साथ बैठकर भोजन करने और अनुष्ठानों में सम्मिलित होने पर रोके जाने से मासूम बच्चियों के कोमल मन में हीनभावना घर कर रही है।
कुप्रथा समाप्त करने को चिह्नित नाम सौंपे गए
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया कि इस तरह का पक्षपातपूर्ण आचरण समाज के पारस्परिक भाईचारे, सद्भाव और समानता के ताने-बाने को लगातार चोट पहुंचा रहा है। ग्रामीणों को आए दिन भारी मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक अपमान से गुजरना पड़ता है। आवेदन में इस कुकृत्य में संलिप्त कुछ चिह्नित लोगों के नाम उजागर किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने गांव में पसरी इस जातिगत कुप्रथा को अविलंब बंद कराने तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कदम उठाने की मांग उठाई है।
