जबलपुर. रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाले आरोपी को शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने पकड़ा है. आरोपी रिंकू निषाद, पिता रामनंदन निषाद, उम्र 35 वर्ष, निवासी गढ़ा, जबलपुर के पास से 2 मोबाइल फोन व 8 सौ रुपये नगद भी जब्त किया गया है.
जीआरपी के मुताबिक महिला यात्री के पर्स में दो मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी किया गया मशरूका, यानी दोनों मोबाइल फोन, ओएलएक्स ऐप के माध्यम से बेच दिए थे और उनसे प्राप्त राशि खर्च कर दी थी। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी में से शेष 800 बरामद किए गए।
जांच के दौरान चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 30,000 रुपये पाई गई। आरोपी द्वारा मोबाइल फोन बेचने के लिए माँ अम्बे मोबाइल शॉप की रसीद क्रमांक 116 का उपयोग किया गया था। दुकान के अस्तित्व और रसीद की सत्यता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उक्त रसीद भी जप्त कर ली है।
पुलिस ने कुल 30,800 की मशरूका बरामद की है। रसीद की सत्यता तथा चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। जीआरपी जबलपुर द्वारा रेल यात्रियों के सामान की चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के निर्देशन में हेड कांस्टेबल रविकांत, हेड कांस्टेबल अरुण तिवारी, हेड कांस्टेबल परशुराम एवं हेड कांस्टेबल मनोज मिश्रा, हेड कांस्टेबल गोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
