चंपा नगर मानेगांव रांझी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रंजना दुबे ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह जनमानस से जुड़े कार्यों के सिलसिले में अक्सर सरकारी कार्यालयों में जाती हैं। घटना के दिन वह रांझी तहसील कार्यालय गई थीं, जहां उनके पति बाहर बैठे हुए थे। आरोप है कि उसी दौरान वकील राजेश मिश्रा उर्फ राजेंद्र मिश्रा ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और गंदे इशारे किए। पीडि़ता के अनुसार, आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा कि तू तहसील कैसे आई, तुझे मार कर भगाऊंगा तथा धमकी दी कि यदि वह दोबारा रांझी तहसील आईं, तो उन्हें पीटेंगे और जान से खत्म कर देंगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्हें दलाल जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया और झूठे मुकदमों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी गई। इसके अलावा, आरोपी द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे उनकी सामाजिक छवि को गंभीर क्षति पहुंची है। इस घटना के विरोध में और पीडि़ता के समर्थन में एमआईसी सदस्य एवं पार्षद दामोदर सोनी, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सेंगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं रांझी थाने पहुंचे। पार्षद दामोदर सोनी ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संस्कारित हैं और किसी भी बहन के साथ इस तरह की अभद्रता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रंजना दुबे की ओर से तहसील कार्यालय में वकील राजेंद्र मिश्रा द्वारा अभद्रता करने, धमकाने और वीडियो वायरल कर बदनाम करने के संबंध में लिखित शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस इस मामले में कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।