पनागर। पनागर के अंतर्गत लोहिया पुल इमलई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर की सफाई के दौरान बिजली का करंट लगने से 32 वर्षीय युवक अनिल चौधरी की असामयिक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार,अनिल चौधरी पेशे से राजमिस्त्री था। आज सुबह लगभग 9 बजे वह अपने चचेरे भाई टिंकू चौधरी के साथ गांव में ही प्लास्टर का काम करने गया था। दोपहर करीब 1 बजे दोनों युवक खाना खाने के लिए अपने अपने घर लौटे थे। इस दौरान अनिल चौधरी के घर पर दीवाली का त्यौहार आने से पहले पुताई और साफ-सफाई का काम चल रहा था। आज दोपहर के समय अनिल कूलर से करंट लगने के कारण चिपककर झुलस गया। परिजनों ने आनन-फानन में बेहोश अनिल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पनागर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अनिल चौधरी की मौत बिजली का करंट लगने के कारण हुई है। सूचना मिलने पर पनागर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।