जबलपुर. एमपी हाईकोर्ट में शीघ्र ही 7 नए न्यायाधीशों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सोमवार को हुई बैठक में सात अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
वर्तमान में हाईकोर्ट में 38 न्यायाधीश नियुक्त हैं। सातों नियुक्तियां पूरी होने पर यह संख्या बढ़कर 45 हो जाएगी। हालांकि, नियुक्तियों की औपचारिक प्रक्रिया अभी बाकी है। कॉलेजियम से मंजूरी पाने वाले सात अधिवक्ताओं में तीन जबलपुर, दो इंदौर, एक ग्वालियर और एक नई दिल्ली से हैं। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 53 स्वीकृत पद हैं। सभी सात नियुक्तियां होने के बाद भी आठ पद रिक्त रहेंगे।
इन 7 अधिवक्ताओं के नामों की हुई सिफारिश
डॉ. विवेक शरण
राजेश कुमार शुक्ला
कनक गहरवार उर्फ कनक लता सिंह
भक्ति व्यास
श्रेयस पंडित
मृणाल एल्कर उर्फ मृणाल मजूमदार
अविनाश जऱगर
अब आगे क्या होगी प्रक्रिया?
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद नियुक्ति का प्रस्ताव निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने पर भारत के राष्ट्रपति की ओर से न्यायाधीशों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी होगी और संबंधित न्यायाधीश शपथ ग्रहण कर पदभार संभाल सकेंगे।
