दमोह. एमपी के दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र में सोमवार रात मवेशी चोरी के शक में तीन युवकों के साथ मारपीट की गई। पिकअप में भैंसें लेकर जा रहे युवकों को हरदुआ क्योलारी के पास रोका गया। आरोप है कि इसके बाद उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घटना में घायल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
गौशाला के लिए भैंसें लेकर जा रहे थे युवक
घायल हसन कुरैशी ने बताया कि वह आवेद कुरैशी और हुसैन खान के साथ हिंडोरिया से सागर की गौशाला के लिए भैंसें लेकर जा रहे थे। रास्ते में केवलारी हरदुआ के पास कुछ गौसेवकों ने उनका वाहन रोक लिया। हसन का आरोप है कि इसके बाद छुटका, दीपक नेमा और लकी ने उनके साथ मारपीट की।
कागजात दिखाने के बाद भी मारपीट का आरोप
हसन कुरैशी के मुताबिक, उन्होंने मवेशियों को ले जाने से संबंधित कागजात भी दिखाए, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। दो को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि घायलों के बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस भैंसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
