khabar abhi tak

लोकायुक्त का GST अधिकारी पर शिकंजा, जबलपुर-भोपाल-सागर में एक साथ छापे; आय से अधिक संपत्ति की जांच

 

जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जबलपुर, भोपाल और सागर में की जा रही कार्रवाई के दौरान अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों तथा खर्च से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपए, जबकि व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपए पाया गया। जांच के अनुसार, उनका खर्च ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है। इस तरह आय से अधिक व्यय 2 करोड़ 74 लाख 52 हजार 390 रुपए, यानी 264.64 प्रतिशत अधिक आंका गया है।

शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज हुआ मामला

लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले को मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया ने शिकायत का सत्यापन किया। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मंगलवार सुबह 6 बजे से तीन शहरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।

पत्नी, माता-पिता के नाम पर जमीन, मकान और वाहन

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी के साथ उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर भी संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। इनमें जबलपुर और भोपाल में जमीन, प्लॉट, बंगला और फ्लैट शामिल हैं। इसके अलावा सागर जिले के बंडा में प्लॉट पर बने मकान का भी पता चला है।

जांच में पत्नी के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस स्कूटर खरीदे जाने की जानकारी मिली है। अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर बीमा पॉलिसियां होने का भी उल्लेख है।

दमोह में पदस्थ हैं अधिकारी

मनीष कुमार जैन जबलपुर की रिलाएबल डेवलपर कॉलोनी में रहते हैं और वर्तमान में दमोह में वाणिज्यिक कर अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त की टीमें विभिन्न ठिकानों से मिले दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, आय के स्रोत और कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak