जबलपुर/सागर। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने राज्य जीएसटी विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के सागर जिले के बंडा स्थित पैतृक घर और जबलपुर सहित अन्य ठिकानों पर कार्रवाई की। बंडा में डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में पहुंची 20 सदस्यीय टीम को तलाशी के दौरान 66 लाख 8 हजार 10 रुपये नकद मिले। इसके अलावा सोना-चांदी, घरेलू सामान और जमीन-मकान से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
लोकायुक्त टीम सुबह करीब छह बजे तीन वाहनों से बंडा के बरा चौराहा स्थित वार्ड क्रमांक-8 पहुंची। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मकान की तलाशी शुरू की गई। टीम में निरीक्षक, महिला अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। आपात स्थिति के मद्देनजर डॉक्टर और एंबुलेंस भी साथ रखी गई थी। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों को तलाशी के दौरान घर में ही रहने के निर्देश दिए।
सोना-चांदी और संपत्ति के दस्तावेज भी मिले
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तलाशी में करीब छह लाख रुपये का सोना, दो लाख रुपये की चांदी और लगभग 10 लाख रुपये का घरेलू सामान मिला है। मकान की कीमत करीब 33 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मंडी क्षेत्र में एक प्लॉट सहित करीब 1,000 वर्गफीट के प्लॉटों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। एक प्लॉट की रजिस्ट्री में सात लाख रुपये की राशि दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
लोकायुक्त टीम बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारी के भोपाल स्थित ठिकानों पर भी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल किए जाने की जानकारी है।
आय से 2.74 करोड़ रुपये अधिक खर्च का अनुमान
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मनीष कुमार जैन की कुल आय एक करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि कुल व्यय करीब 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये बताया गया है। इस आधार पर आय और व्यय के बीच करीब 2 करोड़ 74 लाख 52 हजार रुपये का अंतर सामने आया है।
