जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे ने 'स्पेशल कैंपेन 6.0' के तहत स्टेशनों और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अप्रैल से सितंबर 2026 तक छह माह में जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में 5,176 मामले पकड़े गए। इनसे रेलवे ने कुल 13 लाख 18 हजार 525 रुपये का जुर्माना वसूला।
रेल प्रशासन के अनुसार, सितंबर 2026 में ही गंदगी फैलाने के 686 मामले सामने आए, जिनमें 2 लाख 40 हजार 85 रुपये जुर्माना वसूला गया। जुर्माना लगाने के साथ यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। उन्हें गंदगी से होने वाले नुकसान की जानकारी देकर स्टेशन परिसर साफ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी
भारत सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे 'स्पेशल कैंपेन 6.0' के तहत पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में स्टेशनों, कार्यालयों और ट्रेनों की नियमित साफ-सफाई के साथ निगरानी की जा रही है। उद्घोषणाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से यात्रियों से स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने, धूम्रपान से बचने और कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील की जा रही है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता अभियान और जांच आगे भी जारी रहेंगे।
यात्रियों से सहयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से रेलवे परिसर को अपनी संपत्ति समझकर स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे स्टेशन और ट्रेनों में कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों में सहयोग करें।
