ग्वालियर। मध्य प्रदेश में चलती ट्रेन से 53 किलो चांदी चोरी होने का मामला सामने आया है। आगरा से नागपुर जा रही एपी एक्सप्रेस में एक यात्री का चांदी से भरा बैग कथित तौर पर गायब हो गया। चोरी हुई चांदी की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। मुरैना जिले के अंबाह निवासी युवक की शिकायत पर जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर शिकायतकर्ता के दावों की पड़ताल कर रही है।
नींद लगते ही गायब हुआ चांदी से भरा बैग
जानकारी के अनुसार, युवक 17 अक्टूबर को एपी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में आगरा से नागपुर की यात्रा कर रहा था। उसका दावा है कि बैग में 53 किलो चांदी रखी थी। यात्रा के दौरान उसे नींद आ गई। जब आंख खुली तो बैग गायब था। युवक को आशंका है कि बीना और मंडीबामौरा रेलवे स्टेशन के बीच बैग चोरी किया गया। घटना के बाद उसने भोपाल पहुंचकर इसकी जानकारी दी। बाद में मामला बीना जीआरपी तक पहुंचा। युवक ग्वालियर जीआरपी थाने भी पहुंचा, जहां उससे पूछताछ की गई।
दो दिन बाद इसी ट्रेन से बरामद हुई थी 133 किलो चांदी
इस घटना के दो दिन बाद, 19 अक्टूबर को झांसी में आरपीएफ की अपराध शाखा और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एपी एक्सप्रेस से 133 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए थे। चार बोरों में रखे इन आभूषणों की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई थी। आभूषण आगरा की आरके आभूषण फर्म के बताए गए थे और इन्हें नागपुर ले जाया जा रहा था। हालांकि, 53 किलो चांदी की कथित चोरी और इस बरामदगी के बीच अब तक कोई संबंध सामने नहीं आया है।
ग्वालियर से बीना तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
चांदी चोरी के मामले में ग्वालियर के कुछ संदिग्धों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। इसे देखते हुए ग्वालियर से बीना और मंडीबामौरा तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जीआरपी शिकायतकर्ता के बयानों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। सामान्य कोच में इतनी बड़ी मात्रा में चांदी लेकर यात्रा करने और बैग गायब होने की परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस सवालों के जवाब तलाश रही है।
