जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने आने वाले रबी सीजन में बिजली की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए सागर जिले के अंतर्गत 132/33 केवी सबस्टेशन राहतगढ़ में 40 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलता के साथ स्थापित कर चालू कर दिया है। इस तकनीकी पहल से राहतगढ़ केंद्र की कुल विद्युत क्षमता 40 से बढ़कर सीधे 80 एमवीए तक पहुंच गई है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश स्तर पर एमपी ट्रांसको की समग्र पारेषण क्षमता में भी बड़ा इजाफा दर्ज हुआ है और यह आंकड़ा अब बढ़कर 85,628 एमवीए के नए स्तर पर पहुंच चुका है। विभागीय स्तर पर तैयार यह सिस्टम क्षेत्र के किसानों और आम उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
दो जिलों में पहले दे चुका है सेवाएं
तकरीबन 23 वर्ष पुराना यह मजबूत ट्रांसफार्मर इससे पहले जबलपुर जिले के मनसकरा और मैहर जिले के अमरपाटन में लंबे समय तक सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दे चुका था। एमपी ट्रांसको ने बिना किसी बाहरी मदद के अपने स्तर पर ट्रांसफार्मर के गास्केट बदले, तेल का रिसाव ठीक किया और वैक्यूम तकनीक अपनाई। इसके बाद पूरा इंसुलेटिंग तेल बदलकर तकनीकी जांच पूरी की गई। सुरक्षा उपकरणों की पूरी सर्विसिंग हुई, जरूरी पुर्जे बदले गए, री-कैलिब्रेशन किया गया और तय सेटिंग्स की जांच के बाद इसे चार्ज किया गया।
