khabar abhi tak

एमपी : दमोह में महिला ने तीन बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, मां और दो बच्चों की मौत, 1 बची

दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह जिले के जमुनिया गांव में दशहरा के दिन मंगलवार सुबह एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। हादसे में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची को बचा लिया गया।

मृतका की पहचान 28 वर्षीय मंजू के रूप में हुई है। हादसे में उसकी 4 साल की बेटी अन्नू और 3 साल के बेटे अनुज की भी मौत हो गई। वहीं, 5 साल की आरुषि को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रभात फेरी के लिए निकले लोगों ने आरुषि के चिल्लाने की आवाज सुनी। वे कुएं के पास पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से चारों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मंजू, अन्नू और अनुज को मृत घोषित कर दिया।

बच्ची बोली- मां ने धक्का दिया, फिर वो कूदी

हादसे में बची आरुषि ने बताया कि मां ने तीनों बच्चों को एक साथ कुएं में धक्का दिया था। इसके बाद मां भी कुएं में कूद गई। फिर उसे कुछ पता नहीं चला। मंजू के पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण ने बताया कि सुबह 5 बजे गांव की महिलाएं घर पहुंचीं और उन्हें पत्नी व तीनों बच्चों के कुएं में होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दो बच्चों के शव पानी में तैर रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पति बोला- हमारे बीच कोई विवाद नहीं था

नेतराम मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके और मंजू के बीच कोई विवाद नहीं था। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि मंजू ने यह कदम क्यों उठाया। मंजू की सास अनूप रानी ने भी बताया कि उन्हें घटना की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

शराब पीकर मारपीट करता था दामाद

मृतका की मां उमा रानी ने आरोप लगाया कि दामाद शराब पीकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। पहली नातिन के जन्म के समय बेटी मायके में ही थी। करीब एक साल बाद दामाद उसे अपने साथ ले गया और शराब नहीं पीने व मारपीट नहीं करने का भरोसा दिया। हालांकि, इसके बाद उसने फिर मारपीट शुरू कर दी। उमा रानी ने आरोप लगाया कि बेटी और उसके बच्चों की मौत के बाद भी ससुराल वालों ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी। उन्हें दूसरे गांव के एक व्यक्ति से घटना का पता चला।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak