
फाइल फोटो
जबलपुर। गोसलपुर के पास सोनम ढाबे पर राजहंस ट्र्ेवल्स की बस से सब इंस्पेक्टर का 14 लाख रूपयों से भरा बैग गायब हो गया। बस से गायब हुए बैग की छानबीन की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गोसलपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी ने बताया कि राजहंस ट्र्ेवल्स की बस में गुरूवार रात 12 बजे के करीब सवार होकर रीवा यातायात के सब इंस्पेक्टर शिवनरेश तिवारी का 14 लाख रूपयों से भरा बैग चोरी हो गया है। एसआई रीवा से नागपुर की यात्रा कर रहे थे। बस रीवा के बाद गोसलपुर हाईवे के ढाबे पर अल्प समय के लिए ठहरी थी। इस दौरान बस में सवार यात्री टॉयलेट जाने के लिए नीचे उतरे थे। इसी तरह एसआई भी अपना बैग सीट पर छोड़कर नीचे उतरे थे और कुछ ही देर में वापस आ गए थे। इस बीच बस की सीट पर रखा बैग अज्ञात व्यक्ति ने गायब कर दिया। पुलिस का कहना है कि जब एसआई तिवारी वापस आए तो उन्हें अपनी सीट पर बैग नहीं दिखाई दिया। उन्होंने मौके पर अन्य सीटों पर बैठे लोगों से पूछताछ की लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जाहिर की। एसआई ने पूरी बस में तलाशी ली लेकिन बैग का कहीं पता नहीं चला। आखिरकार, यह मामला गोसलपुर पुलिस को सौंपा। पुलिस इस प्रकरण में ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बस चालक-परिचालक से पूछताछ कर रही है।