भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने दिवाली से पहले प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए दी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से देय होगा। जनवरी से सितंबर तक के नौ महीने के एरियर्स का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर महीने के वेतन, जो नवंबर में मिलेगा, से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान शुरू हो जाएगा।
कर्मचारियों को तीन किस्तों में मिलेगा नौ महीने का एरियर
सरकार के फैसले के अनुसार, कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर 2026 तक की बकाया राशि तीन समान मासिक किस्तों में दी जाएगी। अक्टूबर के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ नकद मिलने लगेगा।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2% की वृद्धि
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। पेंशनर्स को यह लाभ जुलाई 2026 से मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए लगातार फैसले ले रही है।
