मुंबई. कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को मुनाफावसूली देखने को मिली। दिन के अंत में सेंसेक्स 876.37 अंक या 1.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,852.90 और निफ्टी 257.20 अंक या 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,888.95 पर था। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली।
सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक (1.85 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (1.58 प्रतिशत), निफ्टी एफएमसीजी (1.44 प्रतिशत), निफ्टी आईटी (1.28 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज (1.25 प्रतिशत), निफ्टी रियल्टी (1.20 प्रतिशत), निफ्टी कंजप्शन (1.05 प्रतिशत) और निफ्टी इंडिया डिफेंस (0.94 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
बिकवाली का दबाव इतना तेज था कि कुछ ही घंटों में निवेशकों के करीब 2.34 लाख करोड़ रुपये डूब गए। इस बड़ी गिरावट के बाद बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 470 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। सूचकांकों में केवल निफ्टी पीएसयू बैंक 2.46 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी कमजोरी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 641.80 अंक या 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 58,487.95 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 194.05 अंक या 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,935.75 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में एसबीआई, अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी और इंडिगो गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, टाइटन, टेक महिंद्रा, एमएंडएम और पावर ग्रिड लूजर्स थे।
