जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आनंद पटेल ने नेशनल पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर रेलवे के मान बढ़ाया. उनकी इस उपलब्धि पर एआईआरएफ व डबलूसीआरईयू ने आज सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में जमकर जश्न मनाया और रैली निकालकर श्री पटेल को बधाई दी।गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित सीनियर नेशनल पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता 2026 में मध्य प्रदेश का गौरवशाली प्रतिनिधित्व करते हुए, पश्चिम मध्य रेलवे (मंडल रेल प्रबंधक वाणिज्य विभाग) के हमारे ऊर्जावान खिलाड़ी आनंद कुमार पटेल ने 120 किलोग्राम भार वर्ग की डेड लिफ्ट प्रतियोगिता में 295 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर पूरे देश में रेल विभाग और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डबलूसीआरईयू के मंडल अध्यक्ष कामरेड बी. एन. शुक्ला, मंडल सचिव रोमेश मिश्रा, सहायक महामंत्री नवीन लिटोरिया एवं मिनिस्ट्रियल शाखा डीआरएम ऑफिस के अध्यक्ष क. एके राव की अगुवाई में समस्त रेल कर्मचारियों ने ढोल-धमाकों और पूरे जोश-खरोश के साथ आनंद पटेल का भव्य स्वागत किया। इसके साथ ही वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता द्वारा भी उन्हें इस शानदार कामयाबी के लिए सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया।

