जबलपुर। रेल परिचालन में उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और संरक्षा के प्रति जागरूकता दिखाने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में अगस्त 2026 माह के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे में ड्यूटी के दौरान सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले पाँच रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह द्वारा "उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार" (Outstanding Safety Awareness Award) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अगस्त 2026 माह के पुरस्कृत कर्मचारियों में वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर (गुड्स/न्यू कटनी जंक्शन/जबलपुर मंडल) श्री सिया राम, टेक्नीशियन-II (कोचिंग डिपो/कटनी मुड़वारा/जबलपुर मंडल) श्री पवन कुमार चौबे, टेक्नीशियन-I (सी एंड डब्लू/इटारसी/भोपाल मण्डल) श्री दुर्गा प्रसाद, पॉइंट्समैन (ओबेदुल्लागंज/ भोपाल मण्डल) श्री सुनिक कुमार एवं स्टेशन अधीक्षक (श्री महावीर जी/ कोटा मण्डल) श्री शिवचरण मीणा शामिल हैं।
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में तैनात इन रेलकर्मियों ने विभिन्न रेल खंडों पर गश्त और ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल (Hot Axle), वैगन में टूटे फ्लोर पेंच एवं चिंगारी, Brake Van के टूटे Center Pivot Guide, रेल वेल्ड फेलियर जैसी तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया। इनके द्वारा त्वरित गति से की गई सुरक्षात्मक कार्रवाइयों एवं आवश्यक संरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी सफलता मिली है।
महाप्रबंधक श्री सिंह ने इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा प्रदर्शित की गई सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे सजग एवं समर्पित कर्मचारी पूरे ज़ोन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री मनोज गुरमुखी एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री एकनाथ मोहकर, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार पाल सहित सेफ्टी विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पश्चिम मध्य रेल सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल संचालन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
