जबलपुर। केंट थानान्तर्गत सीईओ बंगला सदर के सामने बीती रात 12 बजे के लगभग मरीज को लेकर आ रही एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। एम्बुलेंस को पलटते देख आसपास से गुजर रहे लोग रुक गए, वहीं पीछे से आ रहे मरीज के परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिन्होने मरीज व एम्बुलेंस चालक को निकालकर नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दोनों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार धनपुरी बरेला रोड पर हुई दुर्घटना में घायल मरीज को लेकर एम्बुलेंस मेडिकल कालेज के लिए रवाना हुई। एम्बुलेंस जब केंट सीईओ बंगले के सामने से गुजर रही थी, इस दौरान चालक अपना संतुलन खो बैठा जिससे एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एम्बुलेंस चालक व मरीज को गंभीर चोटें आई। इस बीच मरीज के परिजन कार से पीछे पीछे आ रहे थे। जिन्होने देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने एंबुलेंस में फंसे चालक और मरीज को बाहर निकालने में मदद की। मरीज के सिर से लगातार खून बह रहा था और वह स्ट्रेचर पर था। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मरीज के पीछे कार से आ रहे संदीप जैन ने बताया कि एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। कैंट थाने के एसआई ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे कराया गया। मरीज बरेला थाना क्षेत्र के धनपुरी का रहने वाला है। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
